नई दिल्ली, सीएनए। ओडिशा की नवीन पटनायक सरकार ने कोरोना के बाढ़ते मामलों को देखते हुए 14 दिनों के लिए लॉकडाउन की घोषणा की है। राज्य में 5 मई से लेकर 19 मई तक लॉकडाउन रहेगा।
मुख्य सचिव एससी मोहपात्रा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सप्ताहांत को छोड़कर सभी अन्य दिनों में जरूरी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। आदेश में कहा गया है, “पांच मई (बुधवार) 2021 की सुबह पांच बजे से 19 मई (बुधवार) 2021 तक पूरे राज्य में लॉकडाउन रहेगा।
” आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि लोगों को सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे के बीच उनके घरों के 500 मीटर के दायरे में जरूरी चीजे खरीदने की इजाजत दी जाएगी। सप्ताहांत के दौरान, वे सिर्फ चिकित्सीय सेवा के लिए ही घर से निकल सकेंगे।
चुनाव कार्य पर लागू नहीं होगा बंदी
आदेश में कहा गया है कि लॉकडाउन और सप्ताहांत बंद किसी भी चुनाव संबंधी कार्य पर लागू नहीं होगा जैसे पिपिली विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराने में शामिल कर्मियों की आवाजाही।
इसे भी पढ़े-रामुपर के सांसद आजम खान भी हुए कोरोना पॉजिटिव
आपको बता दें कि देश में एक दिन में कोविड-19 के रिकॉर्ड 3,689 मरीजों की मौत होने के बाद मृतक संख्या 2,15,542 हो गई है। वहीं 3,92,488 और लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़ कर 1,95,57,457 हो गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार तक के आंकड़ों में यह जानकारी मिली है।
लगातार तेजी से बढ़ रहे मामलों के बीच, इलाज करा रहे मरीजों की संख्या बढ़कर 33,49,644 हो गई है जो संक्रमण के कुल मामलों का 17.13 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर और गिरकर 81.77 प्रतिशत हो गई है। बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 1,59,92,271 हो गई है जबकि इससे मृत्यु दर भी घटकर 1.10 प्रतिशत हो गई है।