मुंबई, सीएनए। मुंबई में सोमवार को अचानक से पॉवर कट हो गया। शहर के इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई बोर्ड ने बताया की टाटा TATA की बिजली सप्लाई में कुछ दिक्कत आने की वजह से बिजली बाधित हुई है।
पॉवर कट की वजह से यहां ट्रेनों का संचालन भी ठप हो गया है। कई इलाकों में ट्रैफिक सिगनल भी काम नहीं कर रहे। पश्चिमी रेलवे ने कहा है कि यह Tata Power में एक ग्रिड में गड़बड़ी आने के चलते हुआ है।
पहली बार हुई इतने बड़े स्तर पर बिजली कटौती
मुंबई में इतने बड़े स्तर पर बिजली जाने की घटना पहली बार हुई है। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) ने ट्वीट कर कहा, ‘TATA के बिजली सप्लाई में कुछ गड़बड़ी होने के चलते शहर में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। असुविधा के लिए खेद है।’
बिजली जाने की वजह से सेंट्रल और वेस्टर्न लाइन पर कई उपनगरीय ट्रेनें रुक गई हैं। सेंट्रल रेलवे ने ट्वीट कर कहा, ‘CR पर मुंबई की उपनगरीय ट्रेनें ग्रिड फेल हो जाने के चलते रुक गई हैं। हम जल्द ही अपडेट देंगे। कृपया थोड़ा धैर्य रखें।
वहींं वेस्टर्न लाइन के ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर कहा गया, ‘10.05 बजे टाटा पॉवर कंपनी में एक ग्रिड फेल हो जाने के चलते ट्रैक्शन पावर बाधित हुआ है, जिसके बाद चर्चगेट से बोरीवली के बीच में ट्रेन की सुविधा को बंद रखा गया है। ट्रैक्शन पावर रीस्टोर होते ही सेवाएं फिर शुरू हो जाएंगी। यात्रियों से सहयोग का आग्रह किया जा रहा है।